ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत दादरी विधानसभा में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘ग्रीन दादरी–क्लीन दादरी’ अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का पहला कार्यक्रम बिसरख गांव में आयोजित हुआ, जहां पौधरोपण के साथ सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई।
जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में बिसरख के बारात घर परिसर में पौधरोपण किया गया। इसके बाद शिव मंदिर परिसर में भी पौधे लगाए गए और स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

पौधों की देखभाल पर जोर
अभिषेक शर्मा ने कहा कि पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी जिम्मेदारी लेने की अपील की।
दादरी विधानसभा के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचेगा अभियान
जिला पंचायत सदस्य एवं गौतमबुद्ध नगर के पूर्व जिला उपाध्यक्ष देवा भाटी ने बताया कि अभियान को दादरी विधानसभा के विभिन्न गांवों, कस्बों और सार्वजनिक स्थानों तक पहुंचाया जाएगा। इन स्थानों पर पौधरोपण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रवासियों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण होगी। आने वाले दिनों में विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर स्वच्छता और हरियाली का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
लोगों ने लिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बिसरख मंडल अध्यक्ष लोकेश त्यागी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अमरीश भाटी, अरुण यादव, अंकित भाटी, रोहित भाटी, डॉ. सुरेंद्र बैसला, विपिन भाटी, शिवम शर्मा, निशांत तोंगड़ समेत बड़ी संख्या में युवा, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।






